
PARDARSHI VIKASH NEWS 17 मई से शुरू हो रहे पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) में नंदबाबा मंदिर सहित ब्रज के मंदिरों में पूरे साल मनाए जाने वाले प्रमुख उत्सव आयोजित किए जाएंगे। नंदगांव स्थित प्रसिद्ध नंदबाबा मंदिर में 17 मई से 15 जून तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला चलेगी। मंदिर के सेवायत सुशील गोस्वामी ने बताया कि अधिक मास का ब्रज में विशेष आध्यात्मिक महत्व माना जाता है, इसलिए पूरे महीने विभिन्न पर्वों को पारंपरिक विधि-विधान और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा और प्रतिदिन भजन-कीर्तन, विशेष श्रृंगार, झांकियां तथा प्रसादी वितरण होगा। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिर प्रशासन ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।उत्सवों की शुरुआत 17 मई को गोवर्धन पूजा से होगी, जिसमें अन्नकूट और छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद 18 मई को रथ यात्रा, 19 मई को हरियाली तीज, 21 मई को नाग पंचमी और दाऊजी जन्मोत्सव, 23 मई को गोपाष्टमी, 24 मई को बरसाना होली और 25 मई को नंदगांव होली का आयोजन किया जाएगा। वहीं 29 मई को दानलीला, 30 मई को नृसिंह चतुर्दशी और शरद पूर्णिमा उत्सव, 1 जून को धुलेंडी, 8 जून को जन्माष्टमी, 9 जून को नंद महोत्सव और 15 जून को दिवाली उत्सव के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा। खास बात यह रहेगी कि जेठ के महीने में 24 और 25 मई को बरसाना और नंदगांव की पारंपरिक होली खेली जाएगी, जिसमें अबीर-गुलाल की बारिश के बीच श्रद्धालु ब्रज संस्कृति का आनंद लेंगे। मंदिर प्रशासन के अनुसार अधिक मास में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।