
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके में बुधवार दोपहर प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब वह अपने ऑफिस के बाहर मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में उन्हें अपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में एक बदमाश दौड़ते हुए संदीप सिंह के पास पहुंचता है और बेहद करीब से गोली मारता दिखाई दे रहा है। पहली गोली लगते ही संदीप सड़क पर गिर पड़े, लेकिन हमलावर ने लगातार कई राउंड फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।संदीप सिंह मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले थे और वृंदावन योजना में परिवार के साथ रहते थे। उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले कल्ली पश्चिम बाजार स्थित यादव कॉम्प्लेक्स में प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस खोला था।पुलिस ने मौके से गोली के खोखे बरामद किए हैं। डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की चार टीमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।