
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह की रंजिश में 30 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, युवक ने करीब डेढ़ साल पहले आरोपी की बहन से प्रेम विवाह किया था। शनिवार देर रात चिलमपुर गांव में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में आरोपी ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।मृतक की पहचान पुरवा गांव निवासी आजाद सिंह के रूप में हुई है। वह पत्नी पिंकी सिंह और चार माह की बेटी के साथ नवाबगंज में किराये के मकान में रहते थे। उनकी मां और छोटा भाई अमृतसर में रहते हैं। परिवार के मुताबिक, प्रेम विवाह के बाद गांव में पंचायत हुई थी और सामाजिक बहिष्कार के चलते आजाद अलग रहने लगे थे।पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम गांव निवासी सुरेश विश्वकर्मा आजाद को घर से बुलाकर ले गया। चिलमपुर गांव में एक कार्यक्रम के दौरान शराब पीते समय आरोपी संदीप सिंह भी वहां पहुंच गया। बहन को भगाकर शादी करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद संदीप ने चाकू से आजाद के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां की तहरीर पर संदीप सिंह और सुरेश विश्वकर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।