news-details

प्रेम प्रसंग, रहस्यमयी कॉल और पुल के पास मिला शव

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर कुशीनगर जनपद के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के बरडीहा गांव में 22 वर्षीय संदीप यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। परिवार का इकलौता सहारा माने जाने वाले संदीप की मौत के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन इसे साधारण हादसा मानने को तैयार नहीं हैं और हत्या की आशंका जता रहे हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे भोजन करने के बाद संदीप यादव घर से लगभग 50 मीटर दूर स्थित मोबाइल टावर और पुल की ओर गया था। इसके बाद देर रात करीब एक बजे उसके मित्र और पड़ोसी विशाल यादव के मोबाइल पर संदीप के ही फोन से एक रहस्यमयी कॉल आई। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने बताया कि संदीप गांव के बाहर पुल पर घायल अवस्था में पड़ा है। इतना कहकर उसने फोन काट दिया। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि संदीप पुल की रेलिंग के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। आंख, गाल, गले और पैरों की उंगलियों पर गंभीर चोटें दिखाई दे रही थीं। सबसे हैरानी की बात यह रही कि उसका मोबाइल फोन उसके सीने पर रखा हुआ मिला।परिजन तत्काल उसे गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। संदीप के बड़े भाई राजेश यादव की दो वर्ष पूर्व कैंसर से मौत हो चुकी थी। भाई के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संदीप के कंधों पर आ गई थी। पिता शिवधारी यादव, मां विमला देवी, भाभी रेनू और तीन वर्षीय भतीजी मुस्कान का सहारा वही था।ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि संदीप का गांव की ही एक अन्य जाति की महिला से प्रेम संबंध था और इसकी जानकारी महिला के परिजनों को भी थी। वहीं, उसके मोबाइल फोन में किसी अज्ञात नंबर से हुई चैटिंग की बात भी सामने आ रही है। ऐसे में घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।उधर, पुलिस के अनुसार 31 मई 2025 की सुबह लगभग पांच बजे एक व्यक्ति की मारपीट में मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान संदीप यादव पुत्र शिवधारी यादव निवासी बरडीहा के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस का कहना है कि घटना की गहन जांच के लिए फॉरेंसिक टीम, सर्विलांस टीम तथा अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद ली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल संदीप की मौत हादसा, आत्महत्या या सुनियोजित हत्या—इन सभी सवालों के बीच उलझी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ सकेगा।