
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर (कसया)। कसया थाना क्षेत्र के डिघवा बुजुर्ग पोखरा टोला में 20 वर्षीय युवक गौरव की हत्या के मामले का पुलिस ने छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कसया, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मामले का अनावरण किया।पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को राजू प्रसाद ने अपने पुत्र गौरव की हत्या कर शव को पानी में फेंके जाने की तहरीर दी थी। इस पर थाना कसया में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने नितेश कुमार और राहुल प्रसाद को गिरफ्तार किया।पूछताछ में सामने आया कि मृतक गौरव और मुख्य आरोपी नितेश कुमार का एक ही युवती से प्रेम प्रसंग था। इसी रंजिश में नितेश ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई। आरोप है कि 9 जुलाई की रात गौरव को शराब पिलाने के बहाने पोखरे के किनारे बुलाया गया, जहां कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को पोखरे के किनारे खेत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।पुलिस ने दोनों आरोपियों के साथ एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है तथा हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।