news-details

प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत, होटल के कमरे में मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS खन्ना। पंजाब के खन्ना स्थित एक होटल में प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत सामने आया, जहां एक शादीशुदा युवक और दो बच्चों की मां महिला के शव कमरे से बरामद हुए। पुलिस जांच के अनुसार, तरनतारन निवासी हरप्रीत कौर और फिरोजपुर निवासी मनजीत सिंह दूर के रिश्तेदार थे। करीब चार वर्ष पहले दोनों की मुलाकात हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों पहले से शादीशुदा थे और अपने-अपने परिवार व बच्चों की जिम्मेदारियों के कारण साथ नहीं रह पा रहे थे। पुलिस के मुताबिक 30 जून की रात हरप्रीत अपने घर से निकलकर मनजीत के साथ खन्ना पहुंची। 1 जुलाई तड़के दोनों ने एक होटल में कमरा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अगले दिन चेकआउट से पहले मनजीत ने कथित रूप से अवैध रिवॉल्वर से पहले हरप्रीत को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। दोपहर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़ने पर दोनों के शव बरामद हुए। पुलिस ने महिला के परिजनों के बयान के आधार पर मनजीत के खिलाफ हत्या और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है, जिसमें गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस अब अवैध हथियार के स्रोत, होटल में कमरा दिलाने वाले तीसरे व्यक्ति की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।