
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर में गुरुवार को आयोजित प्राकृतिक आधारित कृषि किसान गोष्ठी में अरोग्यम वेजफ्रेश फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड ने अपने मिलेट्स आधारित उत्पादों का आकर्षक स्टॉल लगाया। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई मंत्रियों ने स्टॉल का निरीक्षण कर उत्पादों की गुणवत्ता और नवाचार की सराहना की।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्य मंत्री बलदेव औलख, औद्योगिक विकास मंत्री राकेश सचान तथा समाज कल्याण राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रतिभा शुक्ला ने एफपीओ के स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मिलेट्स नूडल्स, मिलेट्स पास्ता, मिलेट्स मैक्रोनी, मिलेट्स पोहा और मिलेट्स नमकीन सहित विभिन्न उत्पादों की जानकारी ली।जनप्रतिनिधियों ने मिलेट्स आधारित उत्पादों को पोषण और स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इनके प्रचार-प्रसार पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने उत्पादों की सराहना करते हुए संबंधित विभागों को इनके निर्यात और विपणन में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों और एफपीओ को अधिक लाभ मिल सके।कार्यक्रम में एफपीओ के निदेशक हरबंस सिंह और मुख्य कार्यकारी अधिकारी संतोष पाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि कंपनी किसानों को मिलेट्स उत्पादन और मूल्य संवर्धन से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, कृषि वैज्ञानिक और अधिकारी मौजूद रहे।