news-details

पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। पेपर लीक की घटनाओं, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में कथित अव्यवस्थाओं के विरोध में मंगलवार को तमकुहीराज तहसील मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेता अमित सिंह और डॉ. प्रभु गुप्ता ने किया। बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता तख्तियां लेकर तहसील परिसर पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की छात्र एवं युवा विरोधी नीतियों के चलते लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कई महत्वपूर्ण भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।कांग्रेस नेता चंद्रशेखर आर्य ने नई शिक्षा नीति और केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा और रोजगार जैसे मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें अनिश्चितता और निराशा की ओर धकेला जा रहा है।वक्ताओं ने विभिन्न परीक्षा विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने परीक्षा प्रबंधन और सरकारी तंत्र की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। कांग्रेस नेताओं ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से पद छोड़ने की मांग की।प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।