
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने राजधानी लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। हजरतगंज चौराहे पर एकत्र हुए कार्यकर्ता विधानसभा की ओर मार्च करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक भी हुई।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए बस की छत पर चढ़ गए, जिन्हें बाद में पुलिस ने नीचे उतारा। करीब 15 मिनट तक चले हंगामे के बीच पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।प्रदर्शन में शामिल आप नेता अंशुल यादव ने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने से लाखों छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है और कई युवाओं ने निराशा में आत्महत्या तक कर ली है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पद से हटाने की मांग की।वहीं कार्यकर्ता अमन सोनी ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से छात्रों और अभिभावकों का विश्वास टूट रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रों के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी।प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।