news-details

पेपर लीक के खिलाफ यूपीएससी छात्रों का सत्याग्रह, दिल्ली से लखनऊ तक पैदल मार्च

You can share this post!

 

300 किमी का सफर तय कर कायमगंज पहुंचे मनीष और लकी, शिक्षा नीति में सुधार की मांग

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में दो यूपीएससी अभ्यर्थियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर से लखनऊ तक पैदल मार्च शुरू किया है। बहराइच निवासी मनीष मौर्य और लकी मौर्य करीब 300 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर कायमगंज पहुंचे हैं। दोनों छात्र दिल्ली में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।छात्रों ने बताया कि उन्होंने 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर से अपनी यात्रा शुरू की थी। उनका उद्देश्य सरकार तक युवाओं की समस्याएं पहुंचाना और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग करना है। लंबी दूरी तय करने के कारण उनके जूते खराब हो चुके हैं और पैरों में छाले भी पड़ गए हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका हौसला कायम है।दोनों छात्रों ने कहा कि लगातार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कई छात्र मानसिक तनाव में पहुंच जाते हैं। उन्होंने सरकार से ऐसी शिक्षा नीति लागू करने की मांग की, जिससे परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित हो सकें।मनीष और लकी ने नई शिक्षा नीति को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि शिक्षा पर जीडीपी का 5 प्रतिशत खर्च करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन वर्तमान में खर्च इससे काफी कम है। उन्होंने कहा कि नीति में किए गए अच्छे प्रावधानों को जमीन पर लागू करने की जरूरत है।छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की। उन्होंने कहा कि वे किसी राजनीतिक संगठन से जुड़े नहीं हैं और महात्मा गांधी के रास्ते पर चलते हुए शांतिपूर्ण सत्याग्रह कर रहे हैं।दोनों युवा रास्ते में लोगों को शिक्षा अधिकारों और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के प्रति जागरूक कर रहे हैं। लखनऊ पहुंचकर वे इको गार्डन में अपना सत्याग्रह समाप्त करेंगे और सरकार के सामने अपनी मांगें रखेंगे। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को देशभर में आगे बढ़ाया जाएगा।