
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। दुर्गाकुंड स्थित पैनासिया हॉस्पिटल के खिलाफ कथित चिकित्सीय लापरवाही को लेकर पीड़ित परिवार ने प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान गंभीर लापरवाही हुई, जिसके कारण मरीज को लंबे समय तक स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा।पीड़िता के पुत्र शुभम सिंह और आशुतोष ने आरोप लगाया कि उनकी मां का इलाज मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत अस्पताल में कराया गया था। उनका दावा है कि ऑपरेशन के बाद निजी चेंबर में बुलाकर 50 हजार रुपये की मांग की गई और पैसे न देने पर परेशान करने की बात कही गई।परिजनों के मुताबिक करीब ढाई साल बाद पेट में दर्द होने पर जांच कराई गई, जिसमें ऑपरेशन के दौरान शरीर के अंदर ड्रेन नली छूटे होने की बात सामने आई। परिवार ने अस्पताल प्रशासन से जवाब मांगा, लेकिन आरोप है कि उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई।पीड़ित परिवार ने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, सीएमओ और जिलाधिकारी सहित अधिकारियों से शिकायत कर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनकी मांग है कि मामले की स्वतंत्र जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।परिजनों ने कहा कि उनका आंदोलन मरीजों की सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था में जवाबदेही के लिए है। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।