
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में ट्रांसफॉर्मर से वाइंडिंग तार चोरी करने वाले गिरोह से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में दो शातिर बदमाशों के पैर में गोली लग गई। दोनों पर मथुरा पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार 4 जून को गोवर्धन रोड स्थित राधा निकुंज कॉलोनी में बदमाशों ने 250-250 केवीए के दो ट्रांसफॉर्मर नीचे गिराकर उनके अंदर से वाइंडिंग तार चोरी कर लिया था। इस दौरान विरोध करने पर चौकीदारों के साथ मारपीट भी की गई थी। मामले में गोवर्धन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि इस वारदात में शामिल बदमाश पालीखेड़ा-महोली रोड स्थित निर्माणाधीन बैकुंठ सिटी कॉलोनी के पास मौजूद हैं। सूचना पर हाईवे थाना प्रभारी प्रशांत कपिल, एसओजी और स्वाट टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस के पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मवीर उर्फ देव निवासी आगरा और विपिन निवासी फिरोजाबाद के रूप में हुई है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 तमंचे, 8 कारतूस, 55 हजार रुपये नकद, ट्रांसफॉर्मर की 15 प्लेटें, 4 एंगल, इंसुलेटर, बोल्ट और एक अर्टिगा कार बरामद की है।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक धर्मवीर पर मथुरा, आगरा और फिरोजाबाद के विभिन्न थानों में 22 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि विपिन पर 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।