
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर: आगामी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि जिले में परीक्षा के लिए सात केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 3,072 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा, बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बायोमेट्रिक सत्यापन, आधार प्रमाणीकरण और सुरक्षा जांच निर्धारित मानकों के अनुसार कराई जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और प्रतिबंधित सामग्री लेकर आने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी तथा प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और सुरक्षा जांच में सहयोग करने की अपील की है।