
PARDARSHI VIKASH NEWS महोबा। रिजर्व पुलिस लाइन्स महोबा में चल रही उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत दस्तावेज सत्यापन (डीवी) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) प्रक्रिया का सोमवार को पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एसपी ने अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं पंजीकरण स्थल, दस्तावेज सत्यापन काउंटर तथा शारीरिक मानक परीक्षण स्थल का जायजा लिया। उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई पेयजल, छाया, चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए। साथ ही अभ्यर्थियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए।उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा, ताकि भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।