news-details

पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में सख्त चेकिंग, महिला अभ्यर्थियों के आभूषण उतरवाए गए

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन बुधवार को अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त रही कि महिला अभ्यर्थियों के लॉकेट, चूड़ियां और अन्य आभूषण तक उतरवाए गए।सुबह 7 बजे से ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे, जबकि 8 बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई। प्रवेश से पहले तीन स्तर पर मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की गई और इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा किया गया।क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में अभ्यर्थियों के आधार कार्ड का प्रवेश पत्र से मिलान किया गया। वहीं बद्री विशाल डिग्री कॉलेज में पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग लाइनें लगाई गईं और वहां भी गहन चेकिंग की गई।एनएकेपी डिग्री कॉलेज में चार स्तर की जांच प्रक्रिया अपनाई गई, जबकि लोहाई रोड स्थित नारायण आर्य कन्या इंटर कॉलेज में महिला पुलिसकर्मियों ने महिला अभ्यर्थियों के लॉकेट, चूड़ी, कंगन और अन्य आभूषण उतरवाए। कई जगहों पर जूते भी उतरवाकर जांच की गई।अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बाल और कान तक की जांच की गई, जिसके बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया।परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है, जिसमें प्रत्येक पाली में 6,720 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक हो रही है।अभ्यर्थियों ने बताया कि सख्त सुरक्षा के चलते उन्हें काफी जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा, लेकिन व्यवस्था अनुशासित रही। कई परीक्षार्थी एक दिन पहले ही शहर पहुंच गए थे ताकि समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें।