
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर नगर में आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर बेहतर उत्पादन और अधिक आय हासिल कर रहे हैं। एकीकृत बागवानी विकास मिशन और “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” योजना के तहत जिले में पॉलीहाउस और ड्रिप सिंचाई प्रणाली किसानों के लिए लाभकारी मॉडल के रूप में उभर रहे हैं।जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को कल्याणपुर क्षेत्र में प्रगतिशील किसान विराज भाटिया द्वारा स्थापित लगभग 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले पॉलीहाउस का निरीक्षण किया। करीब 1.12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना में 55.95 लाख रुपये का अनुदान भी मिला है। यहां खीरा, शिमला मिर्च और टमाटर की संरक्षित खेती की जा रही है, जिससे किसान को बेहतर गुणवत्ता और अधिक आय प्राप्त हो रही है।अधिकारियों के अनुसार जनपद में वर्तमान में छह पॉलीहाउस संचालित हैं, जहां उच्च मूल्य वाली उद्यानिकी फसलों और फूलों की खेती भी की जा रही है। यह तकनीक मौसम की मार से बचाते हुए किसानों को स्थिर आय दे रही है।इसके बाद जिलाधिकारी ने बिठूरकला गांव में किसान अशोक कुमार सिंह के खेत का निरीक्षण किया, जहां दो हेक्टेयर में ड्रिप सिंचाई प्रणाली से शिमला मिर्च और लाल मिर्च की खेती की जा रही है। किसान के अनुसार इस तकनीक से पानी की खपत लगभग एक चौथाई रह गई है और उत्पादन में दोगुनी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।ड्रिप सिंचाई के साथ फर्टिगेशन तकनीक के उपयोग से पौधों को सीधे पोषक तत्व मिल रहे हैं, जिससे गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में सुधार हुआ है। वर्तमान में जनपद के 197 किसान इस तकनीक का लाभ ले रहे हैं।जिलाधिकारी ने ड्रिप सिंचाई को सोलर पंप प्रणाली से जोड़ने और अधिक किसानों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि कृषि लागत घटे और आय में लगातार वृद्धि हो सके।