news-details

प्लोगाथॉन 3.0 में सनबीम सनसिटी की सक्रिय भागीदारी, एसीपी विदुष सक्सेना ने किया प्रेरित

You can share this post!

 Pardarshi Vikas News Varanasi

स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हमारे विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने “प्लोगाथॉन 3.0” कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह कार्यक्रम स्वच्छांजलि कूड़ा बाजार फाउंडेशन द्वारा 22 अप्रैल 2026 को रविदास घाट, वाराणसी में आयोजित किया गया। 

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसीपी विदुष सक्सेना उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया तथा ऐसे आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

“प्लोगाथॉन” एक अनूठी पहल है, जिसमें प्रतिभागी दौड़ते हुए अपने मार्ग में पड़े कचरे को एकत्रित करते हैं, जिससे स्वास्थ्य एवं स्वच्छता दोनों को बढ़ावा मिलता है।  इस कार्यक्रम में हमारे विद्यालय के लगभग 100 छात्रों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विद्यार्थियों ने गंगा तट एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर प्लास्टिक कचरे को एकत्रित किया और समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान फिटनेस गतिविधियाँ, सामूहिक सफाई एवं जन-जागरूकता अभियान भी आयोजित किए गए।

उल्लेखनीय है कि कूड़ा बाजार संस्था वर्ष 2019 से निरंतर स्वच्छता अभियानों का आयोजन कर रही है, जिसमें अब तक 4000 से अधिक स्वयंसेवक जुड़ चुके हैं और हजारों किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया जा चुका है। 

विद्यालय की प्रधानाचार्या ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता एवं टीमवर्क की भावना विकसित करते हैं।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों में सहभागिता जारी रखने का संकल्प लिया ।।