news-details

पंजाब नैशनल बैंक, अंचल कार्यालय वाराणसी द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के अंतर्गत स्वच्छता एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन

You can share this post!

 

वाराणसी । पंजाब नैशनल बैंक, अंचल कार्यालय वाराणसी द्वारा भारत सरकार के विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 एवं "एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत डीएलडब्ल्यू स्थित रावण दहन स्थल पर स्वच्छता एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बैंक के अंचल प्रबंधक  दीपक सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर उप अंचल प्रबंधक हरविंदर सिंह रंधावा, सहायक महाप्रबंधक संजीव पुरकाएत सहित अंचल कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान करते हुए परिसर में सघन स्वच्छता अभियान चलाया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से पौधरोपण किया। इस दौरान परिसर की साफ-सफाई, अनावश्यक वस्तुओं के निस्तारण तथा स्वच्छ एवं सुंदर परिवेश के निर्माण पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर अंचल प्रबंधक श्री दीपक सिंह ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्त्व को रेखांकित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली और सामाजिक उत्तरदायित्व का अभिन्न अंग होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान मातृशक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति हमारे दायित्वों का भी स्मरण कराता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। पंजाब नैशनल बैंक अपने बैंकिंग दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता संबंधी राष्ट्रीय अभियानों में निरंतर सक्रिय सहभागिता करता रहा है। इसी क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वच्छता, सामूहिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरणीय चेतना का प्रेरक संदेश दिया।कार्यक्रम का समापन स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में निरंतर योगदान देने तथा अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ ।।