PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित राजा नगला रम्पुरा गांव में गुरुवार सुबह एक पागल आवारा कुत्ते के हमले में 45 वर्षीय शेखर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। शेखर सुबह गांव की एक दुकान पर पान मसाला लेने गए थे, तभी अचानक कुत्ता उन पर झपट पड़ा और उनकी बांह को जबड़े में जकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक करीब 10 मिनट तक खुद को छुड़ाने की कोशिश करता रहा, लेकिन कुत्ते ने उसकी बांह नहीं छोड़ी और मांस का एक हिस्सा नोच लिया।शोर सुनकर दुकानदार और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने डंडों की मदद से कुत्ते को भगाया और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी बांह में 18 टांके लगाए। साथ ही टिटनेस इंजेक्शन और एंटी-रेबीज वैक्सीन भी दी गई।चिकित्सकों के अनुसार घाव काफी गहरा था और समय पर इलाज मिलने से संक्रमण का खतरा कम किया जा सका। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इससे एक दिन पहले जहानगंज क्षेत्र में भी एक 4 वर्षीय बच्चे पर कुत्ते के हमले का मामला सामने आया था।अस्पताल प्रशासन का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ आवारा कुत्तों और बंदरों के हमलों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। लोहिया अस्पताल में प्रतिदिन कई लोग ऐसे हमलों के बाद उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।