news-details

पीएम मोदी की बचत अपील का असर, कई राज्यों में घटे VVIP काफिले और बदले सरकारी नियम

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने और सरकारी खर्च कम करने की अपील का असर अब कई राज्यों में दिखाई देने लगा है। त्रिपुरा सरकार ने फैसला लिया है कि ग्रुप C और D के केवल 50 प्रतिशत कर्मचारी ही रोज ऑफिस आएंगे, जबकि बाकी कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अपने काफिलों में गाड़ियों की संख्या 50 प्रतिशत तक कम कर दी है। पंजाब में राज्यपाल कार्यालय ने तय किया है कि हर बुधवार अधिकारी चार पहिया वाहन से ऑफिस नहीं आएंगे, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सप्ताह में एक दिन बिना गाड़ी के चलने का फैसला लिया है। इससे पहले दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार में भी VVIP काफिलों में गाड़ियों की संख्या घटाई जा चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी भी बुधवार को केवल दो गाड़ियों के साथ बाहर निकले, जबकि आमतौर पर उनके काफिले में 12 से 15 वाहन रहते हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने अपने काफिले को चार गाड़ियों तक सीमित कर दिया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या घटा दी है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इलेक्ट्रिक गाड़ी से सचिवालय पहुंचे, जबकि मध्य प्रदेश में वीआईपी काफिलों पर रोक लगाने और सरकारी दौरों को सीमित करने के निर्देश दिए गए हैं। यूपी सरकार ने बैठकों को वर्चुअल करने और सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने जैसे फैसले लिए हैं। दिल्ली के मंत्री आशीष सूद मेट्रो और ई-रिक्शा से कार्यक्रम में पहुंचे, वहीं महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आशीष शेलार ने विभागीय खर्च कम करने के लिए फ्रांस दौरा रद्द कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में वडोदरा और हैदराबाद में लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल बढ़ाने, कार पूलिंग अपनाने और गैरजरूरी विदेश यात्राएं टालने की अपील की थी।