news-details

पीएम किसान सम्मान निधि योजना में छूटे किसानों के लिए पोर्टल फिर से खुला, शीघ्र करें आवेदन

You can share this post!

 

कानपुर। पीएम किसान सम्मान निधि योजना से वंचित रह गए किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। ऐसे किसान जिनके पास वर्ष 2019 से पहले की कृषि भूमि है, लेकिन किसी कारणवश वे योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन नहीं कर सके थे, उनके लिए सरकार ने पुनः पोर्टल पर आवेदन का विकल्प उपलब्ध करा दिया है। जानकारी के अनुसार, अब ऐसे सभी पात्र किसान नजदीकी जन सुविधा केंद्र (CSC) के माध्यम से संपर्क कर अपना नया या अपडेट पंजीकरण करा सकते हैं। इसके बाद उन्हें पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल सकेगा। इस व्यवस्था के अंतर्गत उन किसानों को भी शामिल किया गया है, जिनके पास अपने पिता का आधार या मृतक प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं है, और वे भी अपना नया या अपडेट पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा सरकार द्वारा कुछ अपूर्ण प्रकरणों के सत्यापन एवं डाटा शुद्धिकरण के लिए भी विशेष व्यवस्था लागू की गई है। इसमें मुख्य रूप से तीन प्रकार की श्रेणियां शामिल की गई हैं। इनमें उत्तराधिकारी के अलावा अन्य कारणों से भूमि परिवर्तन से जुड़े मामले, पूर्व भू-स्वामी की पहचान संबंधी जानकारी वाले प्रकरण तथा ऐसे मामले जिनमें पूर्व एवं वर्तमान दोनों भू-स्वामी के खाते में लाभ पहुंच गया हो, शामिल हैं।इन सभी श्रेणियों से संबंधित किसान pmkisan.gov.in पोर्टल पर “अपडेट मिसिंग इंफॉर्मेशन” विकल्प के माध्यम से अपना पंजीकरण और विवरण सुधार सकते हैं। इसके बाद पात्र किसानों को योजना का लाभ पुनः प्राप्त होना शुरू हो जाएगा।अधिकारियों के अनुसार, नए आवेदन या अपडेट पंजीकरण के लिए फार्मर रजिस्ट्री होना अनिवार्य है। सभी किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर योजना का लाभ सुनिश्चित करें। यह जानकारी उप कृषि निदेशक, कानपुर नगर डॉ. आर. एस. वर्मा द्वारा दी गई है।