news-details

पांडव नदी में डूबने से दो मासूमों की मौत

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ बेला,औरैया। थाना क्षेत्र के ग्राम पुर्वा भवन में रविवार को पांडव नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। पुर्वा भवन निवासी धीरेंद्र पाल का आठ वर्षीय पुत्र विष्णु और हरजू पुर्वा निवासी सुदेश का आठ वर्षीय पुत्र अंश रविवार सुबह अपने चाचा धर्मेंद्र पाल के साथ भेड़ चराने गए थे। इस दौरान वह दोनों बच्चे घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित पांडव नदी में नहाने चले गए। काफी देर तक वापस न लौटने पर धर्मेंद्र पाल ने सुबह लगभग 11 बजे फोन करके घरवालों से बच्चों के बारे में जानकारी ली। जहां उन्हें बच्चों के घर न पहुंचने की सूचना दी गई। इस पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने नदी में बच्चों की तलाश शुरू की, जहां गहरे पानी में बने गड्ढे में से दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। परिजन उन्हें तत्काल बेला स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां से डाॅक्टर ने दोनों को मेडिकल काॅलेज कन्नौज रेफर कर दिया। परिजन दोनों बच्चों को मेडिकल कॉलेज कन्नौज लेकर पहुंचे। जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोपहर लगभग तीन बजे घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी गंगादास गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक अंश अपनी तीन बहनों अंशिका (12), शालिनी (10) और पूजा (5) का इकलौता भाई था। जबकि विष्णु के पिता धीरेंद्र पाल रोजी-रोटी के लिए मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं और कुछ दिन पूर्व ही वहां पहुंचे थे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।