news-details

पीडीए, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सपा का शक्ति प्रदर्शन

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जिले में सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। पीडीए आरक्षण, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी, महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर हजारों सपाइयों ने लोहिया भवन, सोहरौना से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन में जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पुलिस प्रशासन ने मुख्य गेट बंद कर दिया, जिसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने गेट के बाहर करीब एक घंटे तक धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की।प्रदर्शनकारियों के हाथों में महंगाई, भ्रष्टाचार, खाद-बीज संकट, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, बिजली कटौती और कुशीनगर एयरपोर्ट से जुड़े मुद्दों की तख्तियां थीं। तेज धूप और गर्मी के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और वे लगातार सरकार विरोधी नारे लगाते रहे।सपा जिलाध्यक्ष राम अवध यादव ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में पीडीए समाज के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और आरक्षण व्यवस्था में व्यापक अनियमितताएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बाद 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची में भारी गड़बड़ियां सामने आई हैं, जहां कई स्थानों पर एक ही व्यक्ति का नाम बार-बार दर्ज है, जबकि कई जीवित मतदाताओं के नाम सूची से गायब हैं।प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने महंगाई को आम आदमी की कमर तोड़ने वाला बताते हुए पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई। किसानों को समय पर खाद-बीज नहीं मिलने, आवारा पशुओं से फसलों को नुकसान और अघोषित बिजली कटौती के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी सपा नेताओं ने सरकार को घेरा। उन्होंने नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए बढ़ती बेरोजगारी और रोजगार के सीमित अवसरों पर चिंता व्यक्त की।प्रदर्शन के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने वैभव मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनहित के मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।