news-details

पंचायत चुनाव टालने की मांग तेज, कार्यकाल बढ़ाने पर अड़ा प्रधान संघ

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kushinagar

अखिल भारतीय प्रधान संगठन की स्थानीय इकाई ने त्रिस्तरीय पंचायतों के कार्यकाल विस्तार की मांग को लेकर प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है। सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों में समय पर पंचायत चुनाव कराना व्यावहारिक नहीं है।

प्रधान संघ के अनुसार, प्रदेश की ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायतों का कार्यकाल मई और जुलाई 2026 में समाप्त हो रहा है। लेकिन मतदाता सूची के पुनरीक्षण, पिछड़ा वर्ग आयोग की प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक औपचारिकताओं के चलते चुनाव समय पर कराना संभव नहीं दिख रहा। संगठन का तर्क है कि अधूरी तैयारियों के बीच चुनाव कराना न केवल प्रक्रिया को प्रभावित करेगा, बल्कि निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े करेगा।

संगठन ने यह भी आशंका जताई कि यदि निर्वाचित प्रतिनिधियों के स्थान पर प्रशासकों की नियुक्ति की जाती है, तो स्थानीय स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही कमजोर पड़ सकती है। प्रधान संघ का कहना है कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि ही जमीनी समस्याओं को बेहतर ढंग से समझते हैं और विकास कार्यों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाते हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पूर्व में प्रशासकों की नियुक्ति के दौरान कई स्थानों पर अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी की शिकायतें सामने आई थीं। ऐसे में वर्तमान प्रतिनिधियों का कार्यकाल जारी रखना ही विकास कार्यों की निरंतरता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक है।

प्रधान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो 10 मई को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष अकबर अंसारी के नेतृत्व में बब्लू कुशवाहा, विजय तिवारी, मार्कण्डेय प्रसाद, विजय बहादुर राय, राजेश गुप्ता समेत विभिन्न ब्लॉकों के प्रधान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।