news-details

पांचालघाट स्वर्गधाम में 50 लाख की लागत से बनेगी सीसी रोड

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के पांचालघाट स्थित स्वर्गधाम में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए 50 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने सड़क निर्माण परियोजना का शिलान्यास किया। यह सड़क विधायक निधि से बनाई जा रही है।परियोजना के तहत 260 मीटर लंबी और 6 मीटर चौड़ी सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क के दोनों किनारों पर सफेद पट्टी, बीच में रेड लाइट रिफ्लेक्टर तथा बेहतर रोशनी के लिए सोलर लाइटें लगाने की भी बात कही।सड़क निर्माण के साथ-साथ जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए किनारे नाले का निर्माण भी कराया जाएगा। नाले को ढककर सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता और सुविधा दोनों सुनिश्चित हो सकें।पांचालघाट स्वर्गधाम जिले का प्रमुख अंतिम संस्कार स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के लिए पहुंचते हैं। वर्षों से खराब सड़क और बारिश के मौसम में जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। शव वाहन और अन्य वाहनों के आवागमन में भी दिक्कतें आती थीं।स्थानीय लोगों की मांग और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। सड़क बनने के बाद स्वर्गधाम आने वाले लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और बारिश के दिनों में भी रास्ता सुगम बना रहेगा। प्रशासन को उम्मीद है कि निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा कर जनता को इसका लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।