news-details

पांच किमी लंबी विद्युत लाइन से नहीं मिल पाती निर्बाध आपूर्ति

You can share this post!




पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा जहां एक ओर प्रदेश की योगी सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए तमाम इंतजाम करने के दावे करती है। वहीं विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते गांवों में अक्सर अंधेरे का साम्राज्य कायम रहता है और लोग भीषण गर्मी के बीच पसीना बहाने को मजबूर होते हैं। ऐसा ही एक मामला पैलानी तहसील के पदारथपुर गांव का सामने आया है, जहां चिल्ला सब स्टेशन से करीब पांच किमी से अधिक लंबी और वनक्षेत्र व कई गांवों से होकर आने विद्युत लाइन अक्सर फाल्ट का शिकार होकर खराब रहती है और गांव के लोगों को अंधेरे में जीवन यापन करने को विवश होना पड़ता है। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक व सूबे के जलशक्ति राज्यमंत्री समेत डीएम व विद्युत विभाग के अफसरों को ज्ञापन सौंपकर नई विद्युत लाइन डलवाने की मांग बुलंद की है। पैलानी तहसील के पदारथपुर ग्राम प्रधान मालती शुक्ला की अगुवाई में गांव के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया है कि उनके गांव की विद्युत आपूर्ति चिल्ला से तारा, बच्चाडेरा, भवानीपुर आदि गांवों से होकर आती है। करीब पांच किमी से अधिक लंबी विद्युत लाइन के रास्ते में वन क्षेत्र और खेत पड़ते हैं। इतना ही गांव तक आने वाली विद्युत लाइन के रास्ता बाढ़ग्रस्त इलाके में भी शामिल है और प्रतिवर्ष बरसात के मौसम में खंभों के आसपास कमर तक पानी भर जाता है। जिससे विद्युत पोल झुककर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं और विद्युत तार आपस में लड़कर फाल्ट मार देते हैं। आलम यह है कि बाढ़ के समय गांव की विद्युत आपूर्ति महीनों तक बाधित हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि पूरे साल में कोई भी दिन ऐसा नहीं गुजरता जब कोई फाल्ट न होता हो। ऐसे में कई दिनों तक गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है और गांव के लोगों को अंधेरे में जीवन गुजारना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से दोहतरा से पदारथपुर तक सीधी विद्युत लाइन बनवाने की मांग की है। कहा है कि नई विद्युत लाइन बन जाने से जहां ग्रामीणों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलने लगेगी, वहीं फाल्ट सुधारने वाले कर्मचारियों को भी राहत मिल सकेगी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के साथ ही प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्यमंत्री व क्षेत्रीय विधायक रामकेश निषाद और विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता को भी मांगपत्र सौंपकर नई विद्युत लाइन डलवाने की मांग उठाई है। ज्ञापन देने वालों में प्रशासक समेत अशोक मिश्रा, लक्ष्मीकांत मिश्रा, अशोक अवस्थी, कौशल किशोर, अभिषेक तिवारी, राहुल, नवल किशोर समेत तमाम लोग शामिल रहे।