
PARDARSHI VIKASH NEWS औरैया में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। परीक्षा जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जा रही है और प्रशासन इसे पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण बनाने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की देखरेख में परीक्षा का संचालन किया जा रहा है। जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिनों तक चलने वाली इस भर्ती परीक्षा में कुल 28,224 अभ्यर्थी शामिल होंगे।पहले दिन परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई—पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चली। प्रथम पाली में 4,707 अभ्यर्थी शामिल हुए।परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और अभ्यर्थियों की सघन जांच व सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। सुबह 8:30 बजे से केंद्रों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सहायक केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की है, जो परीक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं और अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है।