
पारदर्शी विकास न्यूज़ फफूंद, औरैया। औरैया-फफूंद मुख्य मार्ग पर नहर पुल के पास सड़क की हालत बारिश के बाद बेहद खराब हो गई है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भरने से मार्ग तालाब में तब्दील नजर आ रहा है। जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस प्रमुख मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। पानी से भरे गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देने के कारण दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हो रही है। रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर संबंधित विभाग और अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। जलभराव से आसपास के दुकानदार भी परेशान हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि किसी बड़े हादसे से पहले जिम्मेदार विभाग को समस्या का समाधान करना चाहिए।