
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। थाना हरीपर्वत पुलिस ने ऑटो में सवारी बैठाकर यात्रियों से रुपये और मोबाइल फोन छीनने वाले गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार दोपहर तीन बजे तीनों को जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से 7,080 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त ऑटो, एक मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को एक पीड़ित ने शिकायत दी थी कि 25 जून 2026 को वह अपनी पत्नी के साथ अस्पताल से लौटते समय एक ऑटो में सवार हुआ था, जिसमें पहले से ही कुछ लोग बैठे थे। कुछ दूरी पर आरोपियों ने उससे 17,000 रुपये छीन लिए और सुल्तानगंज पुलिया के पास उसे उतारकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों फरमान उर्फ अड्डा, शानू और करन दिवाकर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने साथी अल्ताफ के साथ मिलकर ऑटो में यात्रियों को निशाना बनाते थे और लूटपाट करते थे। विरोध करने पर चाकू दिखाकर धमकाते थे।पुलिस के मुताबिक, आरोपी लूटी गई रकम आपस में बांट लेते थे और मोबाइल फोन को सस्ते दामों में बेच देते थे। फरार आरोपी अल्ताफ की तलाश जारी है।