
PARDARSHI VIKASH NEWS केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए छह जवानों के नाम पहली बार आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक किए हैं। इन सभी के नाम नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की वेबसाइट के 'रोल ऑफ ऑनर' और 3डी वॉल पर वर्ष 2025 के खंड में दर्ज किए गए हैं। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के त्याग चक्र की ग्रेनाइट दीवारों पर आजादी के बाद देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के नाम अंकित किए जाते हैं। ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत 6-7 मई 2025 की रात पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। सरकार के अनुसार इस कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए थे। ऑपरेशन के दौरान शहीद हुए छह जवानों में से राइफलमैन सुनील कुमार को मरणोपरांत वीर चक्र और सार्जेंट सुरेंद्र कुमार को मरणोपरांत वायु सेना मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2019 में स्थापित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर इन नामों के शामिल होने के साथ ही ऑपरेशन सिंदूर भी आधिकारिक रूप से देश के महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों की सूची में दर्ज हो गया है।