
PARDARSHI VIKASH NEWS NEET-UG 2026 री-एग्जाम से पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) शनिवार को देशभर में मॉक ड्रिल कर रही है। परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर मल्टी लेयर सिक्योरिटी तैयार की गई है।21 जून को होने वाली परीक्षा में 22.79 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए देश के 551 और विदेश के 14 शहरों में 5 हजार से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा संचालन के लिए 2 लाख से अधिक कर्मचारी, 674 सिटी कोऑर्डिनेटर और 6,669 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं।परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा।री-एग्जाम से पहले कुछ छात्रों के सेंटर बदलने की शिकायतें भी सामने आईं। नागपुर के एक छात्र को गलती से अबू धाबी सेंटर जारी हो गया था, जबकि भुवनेश्वर की छात्रा को देहरादून सेंटर मिला था। NTA ने दोनों मामलों में सुधार कर दिया है।NTA ने बताया कि परीक्षा सामग्री ले जाने वाले वाहनों की GPS ट्रैकिंग होगी और उन्हें पुलिस सुरक्षा मिलेगी। सभी परीक्षा केंद्र CCTV निगरानी में रहेंगे और लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।इससे पहले 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र लीक और गड़बड़ी के आरोप सामने आए थे। जांच के बाद परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का फैसला लिया गया।NTA ने छात्रों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। परीक्षा केंद्रों पर पानी, बिजली, मेडिकल सुविधा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। कई राज्यों ने छात्रों की सुविधा के लिए मुफ्त बस और विशेष ट्रेन सेवाओं की भी व्यवस्था की है।