
उन्नाव। शुक्लागंज के नेहरू नगर निवासी और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के कैडेट अभिनव बाजपेई (17) का रविवार को गंगा तट स्थित मिश्रा कॉलोनी घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर जब अंतिम यात्रा पर निकला तो परिजनों के साथ-साथ पूरे नगर की आंखें नम हो गईं।परिजनों के अनुसार, अभिनव का चयन हाल ही में एनडीए में हुआ था। वह 24 जून 2026 को प्रशिक्षण के लिए महाराष्ट्र के खड़कवासला स्थित एनडीए अकादमी गया था। 10 जुलाई को पीटी परेड के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सीपीआर सहित सभी आवश्यक प्रयास किए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।एनडीए प्रशासन ने कैडेट की मृत्यु के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं।रविवार को हुए अंतिम संस्कार में राजपूताना राइफल्स के आठ जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। इस दौरान कानपुर से मेजर राजीव कुमार, पुणे से मेजर विश्वास शर्मा तथा राजपूताना राइफल्स के सूबेदार विक्रमजीत भाटी ने पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत कैडेट को श्रद्धांजलि दी।अभिनव के पिता प्रदीप उर्फ दीपू बाजपेई कानपुर के केपीएम अस्पताल में वार्ड बॉय के पद पर कार्यरत हैं, जबकि बहन श्रेया बाजपेई ने हाल ही में नीट परीक्षा दी है। बेटे के असामयिक निधन से परिवार गहरे सदमे में है।अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। पूरे वातावरण में शोक का माहौल रहा और सभी ने देश सेवा का सपना लेकर एनडीए पहुंचे होनहार कैडेट अभिनव बाजपेई को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।