news-details

नल लगे, लेकिन पानी नहीं; जल जीवन मिशन पर ग्रामीणों के सवाल

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के ग्राम पंचायत गदनपुर देवराजपुर में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन और पाइपलाइन बिछाए जाने के बावजूद ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि नल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन पानी की सप्लाई अनियमित होने के कारण उन्हें अब भी हैंडपंप और अन्य पारंपरिक जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। 70 वर्षीय सरला देवी ने बताया कि उनके घर के सामने टोटी लगाई गई, लेकिन लंबे समय तक पानी नहीं मिला, जिससे भीषण गर्मी में काफी परेशानी हुई। ग्रामीण प्रदीप कुमार, कुलदीप यादव और आलोक पाल ने आरोप लगाया कि पसई नगला स्थित पानी की टंकी से होने वाली सप्लाई का कोई निश्चित समय नहीं है और कई बार घंटों इंतजार के बाद भी पानी नहीं आता। कुछ ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि मुख्य पाइपलाइन पर लगे वाल्व को बीच-बीच में बंद कर दिया जाता है, जिससे गांव तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले पर जल जीवन मिशन की सहायक अभियंता साक्षी ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।