
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या में सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। शनिवार को जिला प्रशासन ने कोतवाली नगर क्षेत्र के पुष्पराज चौराहे के पास नजूल की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में प्रशासनिक हलचल देखने को मिली और भारी पुलिस बल तैनात रहा।यह कार्रवाई जिला प्रशासन, नगर निगम की प्रवर्तन टीम और पुलिस की संयुक्त मौजूदगी में की गई। अधिकारियों की निगरानी में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। नगर निगम के प्रवर्तन अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी नजूल संपत्ति है, जिस पर नियमों के खिलाफ कब्जा किया गया था। पहले ही संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाली कराई गई जमीन का उपयोग जनहित और विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि जिले में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।