
PARDARSHI VIKASH NEWS जसवंतनगर मॉडल तहसील में दस्तावेज लेखकों और स्टांप विक्रेताओं ने सरकार की नई व्यवस्था के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नई व्यवस्था लागू होने से उनके पारंपरिक कामकाज और आजीविका पर संकट आ सकता है।उपनिबंधक कार्यालय के मुख्य द्वार पर शुरू हुए धरने में दस्तावेज लेखक और स्टांप विक्रेता अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार को इस व्यवस्था पर दोबारा विचार करना चाहिए, ताकि लंबे समय से इस कार्य से जुड़े लोगों के हित सुरक्षित रह सकें।धरने को स्थानीय अधिवक्ताओं का भी समर्थन मिला है। अधिवक्ता सौमिल सक्सेना, मनोज कुशवाहा, राजीव चतुर्वेदी और संजीव यादव ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन का समर्थन किया।धरने में दस्तावेज लेखक यूनियन के जिलाध्यक्ष मानसिंह यादव, तहसील अध्यक्ष अनिल तिवारी सहित कई दस्तावेज लेखक और स्टांप विक्रेता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।