
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। नवाबगंज क्षेत्र में मौरावां रजबहा नहर की पटरी पर कथित अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के अंधेरे में करीब तीन किलोमीटर तक नहर पटरी को तीन से चार फीट गहरा खोदकर मिट्टी निकाली जा रही है। इससे पटरी कमजोर होने और कटान का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी उठाकर ले जाई जा रही है। इससे सरकारी राजस्व को नुकसान होने के साथ नहर की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है। ग्रामीणों ने गोलू सिंह नामक व्यक्ति पर खनन में शामिल होने का आरोप लगाया है। साथ ही प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों की कथित मिलीभगत की निष्पक्ष जांच की मांग की है।लगातार बारिश के बीच नहर पटरी कमजोर होने से किसानों को खेतों में पानी भरने और फसल बर्बाद होने की आशंका सता रही है। ग्रामीणों ने नहर की तत्काल पैमाइश कराने और अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है।मामले में सिंचाई विभाग के अधिकारी दीपक यादव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने समय रहते कार्रवाई न होने पर बड़े नुकसान की आशंका जताई है।