
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिले में नहरों में पानी न आने से किसान बेहाल हैं। पानी न मिलने से नाराज महिला किसानों ने लाठी-डंडों से लैस होकर नहर विभाग के कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द नहरों में पानी छोड़ने की मांग की।सिंचाई की समस्या को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। बड़ी संख्या में महिला किसान नहर विभाग के कार्यालय पहुंचीं और जोरदार प्रदर्शन किया।खेतों में धान की नर्सरी और बेरन लगाने का समय निकल रहा है, लेकिन नहरें सूखी पड़ी हैं, जिससे किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही महिला किसान नेता रीता सिंह ने बताया कि पानी के अभाव में धान की नर्सरी और बेरन लगाना मुश्किल हो रहा है। किसान निजी पंपिंग सेट से सिंचाई करने को मजबूर हैं, जिससे लागत कई गुना बढ़ गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर पानी नहीं मिला तो पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी।आक्रोशित महिलाओं ने कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की और नहर विभाग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद उन्होंने अधिशासी अभियंता शारदा सहायक खंड 49 को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में किसानों की समस्या को देखते हुए तत्काल नहरों में पानी छोड़ने की मांग की गई।