news-details

नगर पालिका के तीन वर्ष पूरे, विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं

You can share this post!

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। नगर पालिका परिषद के वर्तमान कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर पालिका परिसर में सम्मान समारोह एवं विकास कार्य प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल, पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल तथा अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार ने सभासदों को शाल, माला और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं सभासदों ने भी नगर पालिका अध्यक्ष और पूर्व एमएलसी का सम्मान कर आपसी एकजुटता का संदेश दिया।नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने तीन वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2006 से जनता के आशीर्वाद से उनके परिवार को लगातार नगर सेवा का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में नगर की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया गया। लगभग 2300 सड़कों और गलियों का निर्माण कराया गया, 14 हजार से अधिक प्रकाश बिंदुओं के माध्यम से प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया गया तथा पेयजल और सफाई व्यवस्था में सुधार किया गया। उन्होंने बताया कि सैनिकों और पूर्व सैनिकों के गृहकर एवं जलकर को माफ किया गया है, वहीं गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को भी करों में राहत प्रदान की गई है।पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने कहा कि अब तक विकास की मजबूत नींव रखी जा चुकी है और आने वाले समय में शहर को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने रेलवे रोड, लिंजीगंज गेट, सुभाष गेट और स्टेशन रोड सहित प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण की योजना की जानकारी दी। साथ ही शहर के प्रवेश द्वारों को आकर्षक बनाने, डेकोरेटिव लाइटें लगाने, फुटपाथ और हरित पट्टियां विकसित करने की बात कही। उन्होंने बताया कि फतेहगढ़ गुरुद्वारा से फतेहगढ़ चौराहे तक आरोग्य पथ, ओपन जिम और हरियाली विकसित की गई है। इसके अलावा नए पार्क, वेंडिंग जोन, सीसीटीवी कैमरे, आधुनिक सुविधाएं और नगर पालिका की नई भवन परियोजना पर भी कार्य चल रहा है।कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि, रानी अवंतीबाई और सम्राट अशोक की स्मृतियों को सहेजने के लिए प्रतिमाएं एवं स्मारक स्थापित करने की योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में कम शुल्क वाले सामुदायिक मंडपम बनाने की घोषणा की गई, जिससे आम परिवार भी सामाजिक कार्यक्रम आसानी से आयोजित कर सकें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।