
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। नगर निगम परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में शहीदों को भी नमन किया गया।महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। गांधीजी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश दिया, जबकि शास्त्रीजी ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। दोनों महापुरुषों ने अपना जीवन देश और समाज की सेवा में समर्पित किया। उनके आदर्शों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।जयंती समारोह में छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि गांधी जयंती के अवसर पर शहर में चलाए जा रहे 157 घंटे के निरंतर सफाई महाअभियान का भी समापन किया गया। अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई कराई गई। उन्होंने स्वच्छता को लेकर नागरिकों और नगर निगम कर्मचारियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहर को स्वच्छ रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।