
PARDARSHI VIKASH NEWS नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर में चल रही नगर निगम की विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान लालपुर में बन रहे सीनियर केयर सेंटर और सारनाथ जोन कार्यालय भवन के निर्माण कार्य में लापरवाही और घटिया सामग्री के उपयोग पर संबंधित कार्यदायी संस्थाओं पर कुल 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।रविवार को निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त बड़ा लालपुर स्थित निर्माणाधीन सीनियर केयर सेंटर पहुंचे, जहां कार्य निर्धारित समयसीमा से काफी पीछे मिला। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित संस्था पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।इसके बाद नगर आयुक्त पांडेयपुर-पंचक्रोशी मार्ग पर बन रहे सारनाथ जोन कार्यालय भवन पहुंचे। यहां छह महीने बाद भी केवल बेसमेंट का कुछ हिस्सा तैयार मिला। साथ ही निर्माण में खराब सामग्री के उपयोग की शिकायत भी सही पाई गई। इस पर कार्यदायी संस्था पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ऐढ़े क्षेत्र में 4.5 किलोमीटर लंबे कच्चे नाले की सफाई का जायजा भी लिया। उन्होंने अधिकारियों को मानसून से पहले नालों की पूरी गहराई तक सफाई सुनिश्चित करने और नाले को पक्का बनाने का प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए।