
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। सोमवार को प्रशासन ने तालाब की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी के नेतृत्व में शाहगढ़ विकासखंड के गरथोलिया क्षेत्र में की गई। इस दौरान राजस्व और पुलिस की टीम मौजूद रही।शाहगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत कपूरपुर के राजस्व गांव नौवाडीह के पूरे दीनबंधु में गाटा संख्या 305 पर तालाब दर्ज है। आरोप है कि अफरोज अली उर्फ राहुल पुत्र नजीर अली इस सरकारी जमीन पर लगातार अवैध निर्माण कर रहे थे।हल्का लेखपाल गौरव यादव, कुलदीप यादव, मनीष सरोज और भावना सिंह ने मौके पर जाकर निर्माण रुकवाने का प्रयास किया था और नोटिस भी जारी किया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा, जिसमें आरोपी दिन में काम बंद कर रात में चोरी-छिपे निर्माण कर रहा था।नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी के निर्देश पर जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची और तालाब की जमीन पर हुए पूरे अवैध निर्माण को गिरा दिया गया। मुंशीगंज थाने की पुलिस टीम और महिला पुलिस भी कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद रही।नायब तहसीलदार ने जमीन को कब्जा मुक्त कराते हुए चेतावनी दी है कि सरकारी तालाब, नाली और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।