
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। निवेश का झांसा देकर लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। यूपी पुलिस के एक सिपाही सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि CRPF का एक दरोगा और एक अन्य आरोपी फरार हैं। आरोप है कि इन्होंने निवेश के नाम पर दो लोगों को बुलाकर उनसे 5 लाख रुपये लूट लिए और विरोध करने पर मारपीट भी की।मामला 11 जून को चिनहट कोतवाली में दर्ज हुआ था। वृंदावन कॉलोनी निवासी प्रभाकर सिंह ने शिकायत दी थी कि उनके भाई दिवाकर सिंह और मित्र अनूप शुक्ला को एक प्राइवेट कंपनी में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया था। जब वे पैसे लेकर पहुंचे, तो उनके साथ लूट और मारपीट की गई।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे और खुद को अलग-अलग पुलिस इकाइयों का अधिकारी बताकर लोगों को डराते थे। इसी दबाव में लोगों से पैसे ऐंठे जाते थे।डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में जावेद हुसैन, आसिफ, प्रवेश त्रिपाठी और पूरन सिंह शामिल हैं। इनमें पूरन सिंह यूपी पुलिस में सिपाही है और चिनहट कोतवाली में तैनात था।पुलिस ने सभी चार आरोपियों को हरदासीखेड़ा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है। वहीं फरार CRPF दरोगा जय प्रकाश यादव और आनंद दुबे की तलाश में टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। मामले की जांच जारी है।