news-details

नाव हादसे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, मेयर-नगर आयुक्त से इस्तीफे की मांग

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Mathura

वृंदावन में यमुना नदी में हुए नाव हादसे को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने मेयर और नगर आयुक्त को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर और प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान मेयर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त जग प्रवेश के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया गया। नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण हादसा हुआ।

प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई थी। हादसे के बाद निर्दोष नाविक को जेल भेज दिया गया, जबकि असली जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मेयर और प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को नगर निगम कार्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया। गेट बंद कर पुलिस और इंफोर्समेंट टीम ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें न मानी गईं तो जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन और वृंदावन में चक्का जाम किया जाएगा।