
PARDARSHI VIKASH NEWS भोपाल। मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट को लेकर सियासी मुकाबला और तेज हो गया है। भाजपा ने कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के सामने मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को उम्मीदवार बनाया है। दोनों प्रत्याशी सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।भाजपा उम्मीदवार के नाम पर रविवार शाम मुख्यमंत्री निवास पर हुई करीब एक घंटे की बैठक में अंतिम सहमति बनी। इसके बाद पार्टी ने महेश केवट को मैदान में उतारने का फैसला किया। भाजपा की रणनीति के तहत नामांकन को शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष और कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।उधर, कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन भी पार्टी नेताओं और विधायकों के साथ नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।राजनीतिक समीकरणों के अनुसार भाजपा के पास 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास लगभग 64 विधायक हैं। तीसरी सीट जीतने के लिए 58 वोटों का आंकड़ा जरूरी है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। भाजपा को अतिरिक्त वोटों की जरूरत है, जबकि कांग्रेस अपने विधायकों की एकजुटता बनाए रखने की कोशिश कर रही है।सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अपने विधायकों को बाड़ाबंदी के तहत तेलंगाना भेजने पर भी विचार कर रही है, ताकि क्रॉस वोटिंग से बचा जा सके।अब इस सीट पर जीत-हार का फैसला रणनीति, एकजुटता और संभावित क्रॉस वोटिंग पर निर्भर करता दिखाई दे रहा है, जिससे चुनावी मुकाबला बेहद रोमांचक बन गया है।