
PARDARSHI VIKASH NEWS भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट को लेकर मुकाबला रोचक हो गया है, जहां कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने हैं। कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि बीजेपी ने महेश केवट को मैदान में उतारकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।हालांकि विधानसभा में आंकड़ों के हिसाब से बीजेपी के पास आवश्यक संख्या से करीब 10 वोट कम हैं, लेकिन कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है। इसी आशंका के चलते पार्टी ने बड़ा कदम उठाते हुए अपने सभी 62 विधायकों को पार्टी शासित राज्य कर्नाटक के बेंगलुरु भेजने की तैयारी की है।कांग्रेस ने इसके लिए विशेष 72 सीटर चार्टर्ड विमान भी बुक किया है, जिसके जरिए विधायकों को भोपाल से बेंगलुरु ले जाया जाएगा। मंगलवार को विधायक नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बंगले पर एकत्र हुए, जहां से आगे की यात्रा की योजना बनाई गई।पार्टी सूत्रों के अनुसार विधायकों को 10 दिनों तक बेंगलुरु में रखने की तैयारी है, हालांकि इसे स्वैच्छिक बताया जा रहा है और किसी पर दबाव न होने की बात भी कही गई है।वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और बीजेपी की “तोड़-फोड़ राजनीति” का मुकाबला किया जाएगा। दूसरी ओर बीजेपी ने भी अपने उम्मीदवार को उतारकर इस चुनाव को मुकाबले वाला बना दिया है।फिलहाल राज्यसभा सीट को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है और दोनों दलों की रणनीति पर सबकी नजर बनी हुई है।