
PARDARSHI VIKASH NEWS मधुमिता शुक्ला हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। 30 जून की रात लखीमपुर खीरी स्थित उनकी जुड़वां बहन निधि शुक्ला के घर के बाहर बम से हमला किया गया। निधि शुक्ला ने आरोप लगाया कि उनके परिवार का कोई और दुश्मन नहीं है और इस हमले के पीछे पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी तथा उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी उनके घर पर फायरिंग हुई थी और अमरमणि की रिहाई के बाद से कई बार उन पर हमले हो चुके हैं। निधि का कहना है कि उन्होंने अपनी बहन की हत्या के मामले में लगातार कानूनी लड़ाई लड़ी और दोषियों को सजा दिलाई, लेकिन अब भी उन्हें धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार भी घर पर बम फेंके जाने के बावजूद पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की। वर्ष 2003 में कवयित्री मधुमिता शुक्ला की हत्या के मामले में अमरमणि त्रिपाठी, उनकी पत्नी मधुमणि और अन्य आरोपियों को उम्रकैद की सजा हुई थी। हालांकि वर्ष 2023 में रिमिशन नीति के तहत अमरमणि और मधुमणि को रिहा कर दिया गया। निधि शुक्ला ने कहा कि वह सभी खतरों के बावजूद न्याय की लड़ाई जारी रखेंगी और दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के लिए पीछे नहीं हटेंगी।