news-details

मदेयगंज में जर्जर दीवार गिरी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। मदेयगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भाण्डुटोला स्थित पुरानी बांस मंडी इलाके में एक खाली प्लॉट की जर्जर बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आकर 6 वर्षीय जोया और उसकी 80 वर्षीय दादी नाजों दब गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मदेयगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल जोया को पहले खदरा स्थित राजधानी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल नाजों का इलाज बलरामपुर अस्पताल में जारी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जर्जर दीवार की स्थिति लंबे समय से खराब थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। हादसे ने एक बार फिर शहर में खतरनाक और जर्जर निर्माणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।