
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें जिले की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे और जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने कई मुद्दे उपमुख्यमंत्री के सामने रखे।जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने आरटीओ कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि ड्राइविंग लाइसेंस के नाम पर दलाली का खेल चल रहा है और बिना सुविधा शुल्क के काम नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि वाहन फिटनेस सेंटर को मथुरा से आगरा स्थानांतरित कर निजी कंपनी को सौंपे जाने के बाद लोगों को 60 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है, जिससे अवैध वसूली की शिकायतें बढ़ रही हैं।बैठक में आधार कार्ड बनवाने और सुधार में आने वाली दिक्कतें, आयुष्मान कार्ड न बन पाने, बुजुर्गों की पेंशन लंबित रहने और नगर निगम क्षेत्र की सड़कों की खराब स्थिति जैसे मुद्दे भी उठाए गए। पूर्व राज्य मंत्री रविकांत गर्ग ने कहा कि विकास कार्यों में देरी और टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही हैं। वहीं यह भी कहा गया कि कई जगह सड़कें तो बन गईं, लेकिन फुटपाथ न बनने से दुर्घटनाएं हो रही हैं।भाजपा नेताओं ने शस्त्र लाइसेंस प्रक्रिया को सरल करने की भी मांग रखी, ताकि कार्यकर्ताओं और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि RTO में चल रही अनियमितताओं और फिटनेस सेंटर की समस्या को जल्द समाप्त किया जाना चाहिए।बैठक में उपमुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों—DM, SSP, PWD, नगर निगम और समाज कल्याण विभाग—को संयुक्त कैंप लगाकर समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए और 15 दिनों में कार्रवाई का आश्वासन दिया।