news-details

मथुरा में पुलिस और बाइक चोर के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS  मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और एक शातिर बाइक चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी ने सोमवार दोपहर धौरेरा गांव के पास से एक बाइक चोरी की थी।पुलिस के अनुसार जैंत थाना पुलिस सन सिटी चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तेहरा मोड़ के पास से बाइक चोरी करने वाला बदमाश रामताल की तरफ से आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी।कुछ देर बाद बंबे की पटरी पर एक युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में घुटने के पास गोली लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम अयूब उर्फ मोटा उर्फ बिल्ला निवासी सीसन, जुरहरा, डीग (राजस्थान) बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक और 32 बोर का तमंचा बरामद किया है। आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।पुलिस जांच में सामने आया कि 38 वर्षीय अयूब शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में चोरी समेत विभिन्न मामलों के 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ पहला मामला वर्ष 2011 में राजस्थान के डीग जिले के थाना कामा में दर्ज हुआ था। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।