
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में हुई 10 लाख 70 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि लूट की पूरी कहानी कंपनी के सेल्समैन विजय कुमार ने खुद रची थी। पुलिस ने आरोपी सेल्समैन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई पूरी रकम बरामद कर ली है।एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि 22 जून को जेपी इंटरप्राइजेज के सेल्समैन विजय कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी कि बाइक सवार बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूट लिया है। कंपनी मालिक की शिकायत पर थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान सेल्समैन की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। कड़ाई से पूछताछ करने पर विजय कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।आरोपी ने बताया कि वह प्लॉट खरीदने के लिए पैसों की जरूरत पूरी करना चाहता था। इसी लालच में उसने अपनी पत्नी ज्योति के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी तैयार की। घटना वाले दिन उसने रुपयों से भरा बैग नए बस अड्डे के पास पत्नी को दे दिया और बाद में पुलिस को फर्जी सूचना दी।पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर पूरी रकम बरामद कर ली। आरोपी विजय कुमार निवासी काशीराम आवास टाउनशिप, थाना रिफाइनरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने 48 घंटे के अंदर मामले का खुलासा किया है।